चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार क्षेत्र के सोनियाणा रीको एरिया स्थित असाही इंडिया ग्लास लिमिटेड फैक्ट्री में रविवार को अचानक हादसा हो गया। फैक्ट्री की करीब 150 फीट ऊंची चिमनी का ऊपरी हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया, जिससे इलाके में तेज धमाके जैसी आवाज गूंजी और धूल का गुबार फैल गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। रविवार होने से टला बड़ा हादसा, फैक्ट्री में नहीं थे कर्मचारी हादसे के समय फैक्ट्री परिसर में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर चिमनी का हिस्सा गिरा, वहां आमतौर पर मजदूर भी नहीं रहते हैं क्योंकि कार्य फैक्ट्री के दूसरे हिस्से में होता है। इसी कारण कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। चिमनी का हिस्सा पास की बिल्डिंग पर गिरा बताया जा रहा है कि चिमनी का टूटा हुआ हिस्सा पास में स्थित एक अन्य फैक्ट्री की बिल्डिंग पर जा गिरा, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि उस समय वहां भी कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई। प्रशासन और पुलिस मौके पर, फैक्ट्री में एंट्री पर रोक घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री में एंट्री पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। पूरे इलाके को सुरक्षित किया गया है, ताकि किसी दूसरी दुर्घटना की आशंका न रहे। प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन को आवश्यक सुरक्षा उपायों के पालन के निर्देश दिए हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। कलेक्टर और एसपी ने किया निरीक्षण हादसे के बाद पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी और जिला कलेक्टर डॉ. मंजू मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं है और यह असामान्य लग रही है। उन्होंने संभावना जताई कि यह डिजाइन से जुड़ा मामला हो सकता है, लेकिन अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन ने टेक्निकल एक्सपर्ट को बुलाया है और पूरी जांच के बाद ही हादसे के कारणों का खुलासा हो सकेगा।