चित्तौड़गढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच अभियान के दौरान नागौर से रतलाम जा रही एक यात्री बस से करीब 300 किलो एक्सपायरी रसगुल्ले जब्त किए। जांच में सामने आया कि रसगुल्लों की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी और वे खाने लायक नहीं थे। ऐसे में विभाग ने पूरा स्टॉक जब्त कर अपनी निगरानी में नष्ट करवा दिया, ताकि यह सामान बाजार तक न पहुंचे और किसी की सेहत को नुकसान न हो। मुखबिर की सूचना पर बस रोकी, जांच में सामने आया पूरा मामला राजस्थान के आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण के निर्देश पर चित्तौड़गढ़ जिले में इन दिनों खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार जांच अभियान चला रही है। इसी दौरान विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि नागौर से रतलाम जा रही एक यात्री बस में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम से फूड इंस्पेक्टर घनश्याम शर्मा और पुनीत जोशी ने बस को रुकवाकर जांच की। जांच के दौरान करीब 300 किलो रसगुल्ले मिले। जब इनके पैकेट जांचे गए तो पता चला कि सभी की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। फूड इंस्पेक्टर पुनीत जोशी ने बताया कि यह रसगुल्ले बस में रखवा दिए गए थे। साथ में कोई नहीं था। इन्हें रतलाम के यामिनी स्वीट्स तक पहुंचाने की बात कही गई थी। यह खाद्य सामग्री अब खाने के लिए सुरक्षित नहीं है और इससे लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत पूरे स्टॉक को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। फूड इंस्पेक्टर पुनीत जोशी ने बताया कि जब्त किए गए सभी रसगुल्लों को बाद में विभाग की निगरानी में नष्ट करवा दिया गया, ताकि इन्हें दोबारा कहीं बेचा या इस्तेमाल नहीं किया जा सके। एक्सपायरी सामान बेचना अपराध, खरीदारी करते समय तारीख जरूर देखें खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ कहा है कि एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का परिवहन करना, उनका भंडारण करना या बाजार में बेचने की कोशिश करना कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाला खाद्य पदार्थ मिले, इसके लिए आगे भी जिले में लगातार जांच अभियान चलाए जाएंगे। अधिकारियों ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी पैक खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी मैन्युफैक्चरिंग डेट, बेस्ट बिफोर या एक्सपायरी डेट जरूर देखें। साथ ही पैकेट सही स्थिति में है या नहीं, इस पर भी ध्यान दें। अगर किसी दुकान, गोदाम या वाहन में एक्सपायरी, खराब या मिलावटी खाद्य सामग्री बिकती या ले जाई जाती दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।