चित्तौड़गढ़ में अब धीरे-धीरे गर्मी का असर तेज होता जा रहा है और आने वाले दिनों में यह और ज्यादा बढ़ने वाली है। सुबह के समय भी अब पहले जैसी ठंडक महसूस नहीं हो रही, बल्कि सूरज निकलते ही तापमान तेजी से बढ़ने लगता है। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से काफी ज्यादा है, जबकि न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। हालांकि रात के तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिली है, लेकिन दिन की गर्मी लगातार लोगों को परेशान कर रही है। इधर, मौसम विभाग ने दो दिन बाद हीटवेव की चेतावनी भी दी है। 25 और 26 अप्रैल को सबसे ज्यादा असर, हालात होंगे और कठिन मौसम विभाग के अनुसार, 25 और 26 अप्रैल को गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है। इन दो दिनों में तापमान में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे हालात और ज्यादा गंभीर हो जाएंगे। ऐसे में दोपहर के समय बाहर निकलना लोगों के लिए बेहद मुश्किल हो सकता है। मौसम रहेगा साफ और शुष्क, राहत के आसार नहीं मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल चित्तौड़गढ़ में किसी भी तरह की राहत की उम्मीद नहीं है। आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा, यानी बादल या बारिश जैसी कोई संभावना नहीं है। ऐसे में तापमान में लगातार बढ़ोतरी होती रहेगी और गर्मी का असर और ज्यादा महसूस होगा। दिन के समय चलने वाली गर्म हवाएं यानी लू लोगों की परेशानी को और बढ़ा सकती हैं। यही वजह है कि प्रशासन और मौसम विभाग दोनों ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। हीटवेव को लेकर ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी गर्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने चित्तौड़गढ़ के लिए हीटवेव को लेकर ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में गर्मी खतरनाक स्तर तक पहुंच सकती है और इसका सीधा असर जनजीवन पर पड़ेगा। ऐसे हालात में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।