चित्तौड़गढ़ में खेल और सामाजिक संदेश को साथ लेकर शुरू हुई “जीतो चित्तौड़गढ़ प्रीमियर लीग (जेसीपीएल) सीजन-1” का शनिवार को पवेलियन ग्रीन्स मैदान में आगाज हुआ। टूर्नामेंट में शहर की 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं और मुकाबले दो दिनों तक खेले जाएंगे। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी, समाजजन और युवा मौजूद रहे। आयोजन की शुरुआत खास अंदाज में हुई, जहां सभी टीमों के ओनर्स अपने-अपने टीम फ्लैग के साथ मैदान में पहुंचे और उनके पीछे सांसद सी.पी. जोशी ने मैदान में प्रवेश किया। इसके बाद सांसद ने मौली खोलकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से परिचय किया। पूरे प्रोग्राम में खेल भावना और उत्साह का माहौल देखने को मिला। खिलाड़ियों और दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ टूर्नामेंट का स्वागत किया। सांसद सी.पी. जोशी ने कहा- खेल के साथ समाज को भी मिल रहा सकारात्मक संदेश प्रोग्राम के मुख्य अतिथि सांसद सी.पी. जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि जीतो द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सकारात्मक सोच और अच्छे संदेश देने वाला आयोजन भी है। उन्होंने टूर्नामेंट को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रखने और केवल जैन फूड की व्यवस्था किए जाने की सराहना की। साथ ही आयोजन समिति द्वारा अतिथियों और स्पॉन्सर्स को मनी प्लांट भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के प्रयास को भी सराहनीय बताया। सांसद ने खास तौर पर हर टीम में दो महिला खिलाड़ियों को जरूरी रूप से शामिल किए जाने की पहल की तारीफ करते हुए कहा कि खेलों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और ऐसे आयोजन समाज में नई सोच पैदा करते हैं। उद्घाटन के बाद सांसद सी.पी. जोशी ने खिलाड़ियों के साथ मैदान में एक ओवर खेलकर उनका उत्साह भी बढ़ाया। इस दौरान दर्शकों ने उनका जोरदार स्वागत किया और खिलाड़ियों में भी अलग उत्साह देखने को मिला। युवाओं में अनुशासन और टीम भावना बढ़ाने का अच्छा माध्यम बना टूर्नामेंट कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वंडर सीमेंट के जोनल हेड संदीप शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को खेल के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना सीखने का अवसर देते हैं। उन्होंने जेसीपीएल के सफल आयोजन के लिए जीतो यूथ विंग को शुभकामनाएं दीं। जीतो यूथ विंग चेयरमैन रवि विराणी ने कहा कि समिति के सभी सदस्यों की मेहनत और युवाओं के समर्पण से इस आयोजन को भव्य रूप मिला है। वहीं जीतो मेन चैप्टर चेयरमैन सोहन पोखरना ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सीए प्रतीक कोठारी ने किया। कार्यक्रम में वंडर सीमेंट डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर संदीप सिंह, बिजनेस पार्टनर रौनक हेडा, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, नवीन पटवारी, ज्ञान मेहता, रोशन लोढ़ा, कमलेश सिंघवी, हंसराज पोखरना, विपिन चिप्पड़, ओम जैन और मनीष कटारिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन समिति और महिला सदस्यों की भी रही अहम भूमिका जीतो लेडीज़ विंग से सुनीता सिसोदिया, तुषिता सांखला और स्वाति छाजेड़ तथा महिला मंडल से रजनी रांका और प्रीति ढीलीवाल की भी कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति रही। आयोजन समिति सदस्य कनक चपलोत ने बताया कि टूर्नामेंट में शहर की 12 टीमें भाग ले रही हैं और मुकाबले लगातार दो दिनों तक खेले जाएंगे। उन्होंने बताया कि वंडर सीमेंट इस टूर्नामेंट का टाइटल स्पॉन्सर है और आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति सदस्य लगातार व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। आयोजन समिति में सिद्धार्थ महात्मा, अक्षत पोखरना, हर्ष पोखरना, आयुष बाघमार, मिहिर बाघमार, हार्दिक सेठिया, वंशिका जैन, समीक्षा जैन, आदित्य ढीलीवाल, अजय नागोरी, करुण खाब्या, प्रांजल जैन, रितिक चोपड़ा, यश पटवारी, चंद्रेश जैन और पीयूष डांगी सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।