चित्तौड़गढ़ में भक्त शिरोमणि मीराबाई के 527वें जन्मोत्सव के अवसर पर 23 से 25 अक्टूबर तक तीन दिवसीय मीरा महोत्सव-2026 होगा। मीरा स्मृति संस्थान की ओर से होने वाले इस महोत्सव में देशभर के कलाकार भक्ति संगीत, लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य और मीरा के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिकाओं की प्रस्तुतियां देंगे। पहले ये कार्यक्रम इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में होने थे, लेकिन चुनाव के चलते इनकी जगह को बदल दिया गया है। इस बार राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगी। 23 अक्टूबर को लोक संस्कृति कार्यक्रमों से शुरुआत संस्थान के संरक्षक सत्यनारायण समदानी ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार, 23 अक्टूबर को लोक संस्कृति कार्यक्रमों के साथ होगी। रात 8 बजे से महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ गार्डन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें गरबा, डांडिया रास, कथक, घूमर और मेवाड़ी लोक नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। कई सांस्कृतिक संस्थाओं और कलाकारों की ओर से लोक परंपराओं, राधा-कृष्ण और मेवाड़ की संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। 24 अक्टूबर को होगी मीरा नृत्य नाटिका की प्रस्तुति महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार, 24 अक्टूबर को भक्ति संगीत और नृत्य नाटिकाओं का आयोजन होगा। इसमें कैलाश गंधर्व और उनके सहयोगी भक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद कई सांस्कृतिक समूह नृत्य प्रस्तुतियां देंगे। 25 अक्टूबर को मीरा मंदिर में होगा भक्ति रासोत्सव महोत्सव के आखिरी दिन रविवार, 25 अक्टूबर को सुबह 8 बजे चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित मीरा मंदिर में भक्ति रासोत्सव होगा। इसमें मीरा भजन, भक्ति संगीत और मीरा भक्तिनाट्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही कथक और नाट्य प्रस्तुतियां भी होंगी। शाम के कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी सहित मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे। रात 8 बजे से श्रीनाथ गार्डन में मीरा की भक्ति और कृष्ण प्रेम पर आधारित नृत्य नाटिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी। श्रीनाथ गार्डन में होंगे कार्यक्रम निर्वाचन विभाग की ओर से इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम का अधिग्रहण किए जाने के कारण इस बार शाम के कार्यक्रमों का स्थल बदला गया है। अब 23, 24 और 25 अक्टूबर को रात 8 बजे होने वाले कार्यक्रम महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ गार्डन में आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 25 अक्टूबर सुबह होने वाला भक्ति महोत्सव चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित मीरा मंदिर में ही होगा। देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां मीरा महोत्सव में राजस्थान सहित अन्य राज्यों के कलाकार शामिल होंगे। आयोजन में संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार, उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला, पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र उदयपुर, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज, पर्यटन विभाग राजस्थान, यूआईटी, नगर परिषद, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का सहयोग रहेगा। बाहर से आने वाले कलाकारों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था गांधी नगर स्थित मांगलिक धाम में की गई है।