चित्तौड़गढ़ में सोमवार को भी मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि सुबह के समय मौसम बिल्कुल अलग नजर आया। सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण बारिश के आसार कम प्रतीत हो रहे हैं। आसमान पूरी तरह साफ दिखाई दे रहा है और बादलों का नामोनिशान नहीं है। तेज धूप के बीच बढ़ी गर्मी और उमस ने किया बेहाल सुबह का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री बढ़कर 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तापमान में मामूली बढ़ोतरी के बावजूद इसका असर साफ महसूस हो रहा है। तेज धूप के चलते गर्मी बढ़ गई है, लेकिन इससे भी ज्यादा लोगों को उमस परेशान कर रही है। हवा में नमी अधिक होने से चिपचिपी गर्मी महसूस हो रही है और लोगों को लगातार पसीना आ रहा है। घरों में पंखे और कूलर चलाने के बाद भी राहत नहीं मिल रही, वहीं बाहर निकलने वाले लोग धूप और उमस दोनों से परेशान नजर आ रहे हैं। दोपहर बाद बदल सकता है मौसम, आंधी-बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार 4 मई को दोपहर बाद चित्तौड़गढ़ में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। सुबह भले ही मौसम साफ रहे, लेकिन दोपहर बाद अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। तेज हवा के चलते पेड़ गिरने या बिजली बाधित होने जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं। प्रशासन की सलाह- सुरक्षित स्थान पर रहें संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।