चित्तौड़गढ़ जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने डोडा चूरा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 156.650 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। यह कार्रवाई कपासन क्षेत्र के टाना गांव के पास भिंडर-रामगढ़ रोड पर की गई। सीबीएन की टीम ने संदिग्ध कार का करीब 15 किलोमीटर तक पीछा किया। आखिरकार कार तो पकड़ ली गई, लेकिन उसमें सवार तस्कर मौके से भाग निकला। कार से नौ बैग में भरा डोडा चूरा बरामद हुआ है। सीबीएन ने डोडा चूरा और कार को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। कोटा यूनिट के अधिकारियों की टीम बनाई सीबीएन को सूचना मिली थी कि गुजरात नंबर की एक होंडा अमेज कार में मंगलवाड़ इलाके से बड़ी मात्रा में डोडा चूरा लेकर बालोतरा की ओर जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही कोटा यूनिट के अधिकारियों की टीम बनाई गई और संभावित रास्तों पर निगरानी शुरू कर दी गई। टीम लगातार संदिग्ध वाहन का इंतजार करती रही।कपासन तहसील के टाना गांव के पास जैसे ही संदिग्ध कार दिखाई दी, अधिकारियों ने उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेज रफ्तार से भागने लगा। इसके बाद सीबीएन की टीम ने करीब 15 किलोमीटर तक उसका पीछा किया और आखिरकार भिंडर-रामगढ़ रोड पर कार को रुकवा लिया। कार छोड़कर भागा ड्राइवर, कार्यालय में हुई तलाशी सीबीएन अधिकारियों के अनुसार कार रुकते ही उसमें बैठा व्यक्ति खेतों की तरफ भाग गया। सुरक्षा कारणों से सड़क पर ही वाहन की पूरी तलाशी लेना संभव नहीं था, इसलिए कार को सीबीएन के चित्तौड़गढ़ कार्यालय लाया गया। वहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वाहन की तलाशी ली गई। जांच में कार के अंदर रखे नौ बैग मिले। इनमें कुल 156.650 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा भरा हुआ था। फिलहाल डोडा चूरा और कार को जब्त कर लिया गया। अब वाहन के मालिक और फरार तस्कर के नेटवर्क की जांच की जा रही है।