मानसून की शुरुआत के साथ ही चित्तौड़गढ़ में हरियालो राजस्थान अभियान में 32 लाख 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए प्रशासन ने सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंप दी है और वन विभाग की नर्सरियों से पौधों का वितरण भी शुरू हो गया है। जिले में सरकारी विभागों के साथ ग्राम पंचायतें, स्कूल, उद्योग, स्वयंसेवी संस्थाएं और आम लोग भी इस अभियान से जुड़ेंगे। इस बार पौधरोपण में फलदार, छायादार, कांटेदार और स्थानीय जलवायु के अनुसार तैयार किए गए पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी। डीएफओ राहुल झाझड़िया ने बताया- पौधे लेने के लिए संस्थाएं ऑनलाइन अप्लाई कर सकती हैं। इससे बार-बार नर्सरी जाने की जरूरत नहीं होगी। हरियालो राजस्थान के लिए जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक कर सभी विभागों को उनके लक्ष्य दे दिए गए हैं। 20 नर्सरियों में तैयार हैं लाखों पौधे डीएफओ राहुल झाझड़िया ने बताया कि जिले में वन विभाग की 20 नर्सरियां संचालित हैं। इनमें पिछले साल बचे पौधों और इस साल तैयार किए गए नए पौधों को मिलाकर करीब 13 लाख 70 हजार पौधे अभी वितरण के लिए उपलब्ध हैं। इसके अलावा वन विभाग ने अपने स्तर पर 6 लाख 27 हजार 700 पौधे और तैयार किए हैं। वहीं ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने लगभग हर ग्राम पंचायत में 5-5 हजार पौधे तैयार किए हैं। जिन जगहों पर स्थानीय स्तर पर पौधे कम होंगे, वहां आसपास के जिलों से भी पौधों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में पौधों की कमी नहीं आने दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर अन्य नर्सरियों से भी पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। 5 से 75 रुपये तक मिलेंगे पौधे जिले में एक जून से 3 जुलाई तक 169.67 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है। बारिश शुरू होने के साथ ही वन विभाग की नर्सरियों से पौधों का वितरण भी तेज हो गया है। सरकारी नर्सरियों से कांटेदार पौधे 5 रुपए प्रति पौधा मिल रहे हैं, जबकि छायादार और फलदार पौधों की कीमत उनके आकार और उम्र के अनुसार 6 रुपये से 75 रुपए तक रखी गई है। नर्सरियों में करीब 2 फीट से लेकर 10 फीट तक ऊंचाई वाले पौधे उपलब्ध हैं। चित्तौड़गढ़ मुख्यालय की नर्सरी सहित जिले की सभी नर्सरियों में लोग पौधे खरीदने पहुंच रहे हैं। डीएफओ राहुल झाझरिया ने कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा जब लोग पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी करें। इसी से हरियालो राजस्थान अभियान का उद्देश्य पूरा होगा और आने वाले सालों में जिले की हरियाली भी बढ़ेगी।