‘मेरे घर में शादी है। कार्यक्रमों के लिए बल्क में किराने का सामान चाहिए।’ ऐसा कहकर ठग ने किराना व्यापारी से 15 हजार रुपए का सामान निकलवा कर कट्‌टे में बंधवा लिया। पेमेंट की बारी आई तो वह नजर बचाकर सामान लेकर चंपत हो गया। यह घटना चित्तौड़गढ़ शहर के देहली गेट इलाके में किराना व्यापारी जाकिर हुसैन के साथ 10 मई रविवार की शाम 5.30 बजे हुई। बुधवार को किराना व्यापारी ने SP ऑफिस पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार करने और कार्रवाई करने की मांग की है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। किराना व्यापारी ने बताई आपबीती किराना व्यापारी जाकिर हुसैन ने बताया- रविवार शाम मैं दुकान पर था। ब्लैक टोपी और चश्मा लगाए एक अनजान लड़का दुकान पर आया। बोला- मेरे घर में शादी है। कार्यक्रमों और मेहमानों के लिए बल्क में सामान की जरूरत है। उसने कुरकुरे, चिप्स और सिगरेट के पैकेट मांगे। उसके बताए अनुसार सारा सामान उसके प्लास्टिक के कट्‌टे में रखवाता गया। इस तरह उसने 15 हजार का सामान भरवा लिया। इस दौरान वह सामान्य बिहेव करता रहा। उस पर किसी तरह का शक नहीं हुआ। सामान भरने के बाद उसने कहा कि पहले कट्टा मोटरसाइकिल पर रखकर बांध देता हूं। इसके बाद आपका हिसाब कर दूंगा। मैं भी उसकी बातों में आ गया। पेमेंट का इंतजार करने लगा। कुछ देर में नजर बचाकर लड़का सामान लेकर फरार हो गया। मेरा ध्यान गया तो इधर-उधर तलाशा। लोगों से पूछा। लड़के का और उसकी बाइक का कहीं अता-पता नहीं। तब ठगी का एहसास हुआ। लोगों को लड़के के वीडियो दिखाकर पहचान कराने की कोशिश की। पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस से कार्रवाई की मांग व्यापारी जाकिर हुसैन ने कहा- ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि दूसरे व्यापारियों के साथ इस तरह की घटना न हो। शहर के व्यापारी अनजान ग्राहकों को शक की नजर से देख रहे हैं। पुलिस भी वीडियो के आधार पर पड़ताल कर रही है।