चित्तौड़गढ़ जिले में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। 3 और 4 अप्रैल को नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने जा रहा है, जिसके कारण जिले में बारिश की संभावना बन रही है। इसके साथ ही तेज हवा, मेघ गर्जन और आंधी भी चल सकती है। इससे पहले भी बारिश की संभावना जताई गई थी और येलो अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन उस समय मौसम में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिला। उल्टा तापमान लगातार बढ़ता गया और लोगों को गर्मी का ज्यादा सामना करना पड़ा। राजस्थान में सबसे गर्म रहा चित्तौड़गढ़ बुधवार का दिन चित्तौड़गढ़ के लिए काफी गर्म रहा। पूरे राजस्थान में यह जिला सबसे ज्यादा गर्म दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी बढ़ रहा है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। गर्म हवाओं के कारण दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है और रात में भी उमस बनी हुई है। ऐसे में लोगों को अब बारिश का इंतजार है, जिससे मौसम थोड़ा ठंडा हो सके। बारिश के साथ ओलावृष्टि का भी हो सकता है खतरा मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अप्रैल को केवल बारिश ही नहीं, बल्कि तेज मेघ गर्जन, आंधी और ओलावृष्टि की भी संभावना है। इसे देखते हुए चित्तौड़गढ़ जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि अचानक मौसम बदल सकता है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। इसके बाद 5 और 6 अप्रैल को मौसम फिर से साफ और शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 7 और 8 अप्रैल को एक और नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो सकता है, जिससे फिर मौसम बदल सकता है। किसानों के लिए एडवाइजरी जारी मौसम में इस बदलाव को देखते हुए कृषि विभाग ने भी किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने कहा है कि तेज हवा और ओलावृष्टि से खड़ी फसलों और बागवानी को नुकसान हो सकता है। जिन किसानों की फसल कट चुकी है, उन्हें अपनी उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने की तैयारी करनी चाहिए। खुले में रखी फसल बारिश और ओलों से खराब हो सकती है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। मेघगर्जन के समय पेड़ों के नीचे ना खड़े होने की दी सलाह मौसम विभाग ने आम लोगों के लिए भी जरूरी सलाह दी है। मेघ गर्जन और बिजली कड़कने के समय लोगों को घर के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है। इस दौरान खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने चाहिए। पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए, क्योंकि बिजली गिरने का खतरा रहता है। साथ ही घर में इस्तेमाल हो रहे इलेक्ट्रिक इक्विपमेंट्स को भी अनप्लग करने की सलाह दी गई है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।