चित्तौड़गढ़ जिले में एक बार फिर मौसम बदल सकता है। एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने जा रहा है, जिसके असर से मंगलवार को जिले में तेज बारिश, आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार दोपहर बाद इस सिस्टम का असर शुरू होगा और मंगलवार को इसका प्रभाव साफ तौर पर दिखाई दे सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी, बादलों की गर्जना होगी और कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है। वहीं मौसम विभाग की माने तो इस डिस्टरबेंस का असर जिले में दो तीन दिन रहेगा। इसके बाद तापमान भी सामान्य हो जाएगा और फिर गर्मी भी बढ़ेगी। तापमान में उतार-चढ़ाव जारी, दिन में गर्मी बरकरार इधर जिले में तापमान में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस था। यानी दिन के तापमान में कमी आई है, लेकिन रात का तापमान थोड़ा बढ़ गया है। इसके बावजूद दिन में धूप और गर्मी का असर बना हुआ है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। हालांकि मौसम बदलने के साथ तापमान में और गिरावट आ सकती है। मंगलवार को दिखेगा असर, तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार 6 अप्रैल यानी सोमवार को दोपहर बाद नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इसका असर चित्तौड़गढ़ में 7 अप्रैल मंगलवार को देखने को मिलेगा। इस दौरान तेज आंधी चलने, बादलों की तेज गर्जना होने और कई स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। अचानक तेज हवाएं चलने से जनजीवन भी प्रभावित हो सकता है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। किसान वर्ग के लिए भी यह मौसम महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि ओलावृष्टि फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है। पहले भी जारी हुए थे अलर्ट, लेकिन नहीं हुई बारिश बता दे कि इससे पहले भी मौसम विभाग ने कई बार चित्तौड़गढ़ जिले में बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया था। यहां तक कि ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया था, लेकिन उसके बावजूद जिले में बारिश देखने को नहीं मिली। सिर्फ बादल छाए रहे और हल्की हवाएं चलीं, लेकिन बारिश नहीं हुई। ऐसे में इस बार के अलर्ट को लेकर भी लोग थोड़ा संशय में हैं। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि इस बार सिस्टम मजबूत है, इसलिए असर देखने को मिल सकता है। बुधवार तक रहेगा असर, फिर मौसम होगा साफ मौसम विभाग के अनुसार इस वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर बुधवार तक बना रह सकता है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इसके बाद 9 अप्रैल से मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क हो जाएगा। अगले तीन से चार दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और तापमान फिर से बढ़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में एक बार फिर गर्मी तेज होने के आसार हैं।