चित्तौड़गढ़ में गर्मी अब तेजी से बढ़ती नजर आ रही है और लोगों की परेशानी भी बढ़ने लगी है। सुबह 8 बजे से ही तेज धूप निकलने लगती है, जिससे दिन की शुरुआत से ही गर्मी का अहसास होने लगता है। दोपहर तक हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं, जब धूप इतनी तेज हो जाती है कि बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। इधर, मौसम विभाग ने और ज्यादा गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है। रात में भी नहीं मिल रही राहत गर्मी का असर सिर्फ दिन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। आमतौर पर रात के समय तापमान कम हो जाता है और ठंडी हवा चलती है, लेकिन इन दिनों गर्म हवाएं चल रही हैं। घरों में पंखे और कूलर लगातार चल रहे हैं, फिर भी उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद गर्मी बरकरार पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में थोड़ी कमी जरूर दर्ज की गई है, लेकिन इससे गर्मी में कोई खास राहत नहीं मिली है। रविवार को अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आंकड़ों में भले ही मामूली बदलाव नजर आ रहा हो, लेकिन जमीन पर गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा। बादल या बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी होने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में दिन का तापमान और ज्यादा बढ़ेगा और गर्मी का असर और तेज हो जाएगा। 40 डिग्री पार करने का अनुमान मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि इसी महीने चित्तौड़गढ़ का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो गर्मी और ज्यादा तीखी हो जाएगी और लोगों को और ज्यादा सावधानी बरतनी पड़ेगी।