शहर के चौगान स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान शुरू हुआ विवाद बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि मैच के बाद एक युवक को रास्ते में रोककर 5 लोगों ने मारपीट की और हमला कर दिया। पीड़ित मुस्ताक (37) ने बताया कि 11 अप्रैल को वह चौगान स्टेडियम में क्रिकेट मैच देखने गया था। इसी दौरान हफिज नामक व्यक्ति द्वारा गाली-गलौच की जा रही थी, जिसे उसने रोकने का प्रयास किया। मैच समाप्त होने के बाद भी आरोपी ने गाली-गलौच जारी रखी और झगड़े पर उतारू हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। स्टेडियम से बाहर निकलते ही हुआ हमला पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वह स्टेडियम से बाहर निकला और अमर मिष्ठान भंडार के पास पहुंचा, तभी हफिज, उसका भाई अनीफ, हमीद, सलीम और शाहरुख ने उसे घेर लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और इसी दौरान एक आरोपी ने पीछे से उसके सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। घायल का मेडिकल, लोगों ने बचाई जान घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को बचाया। पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकला और बाद में उसका मेडिकल करवाया गया। आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी पीड़ित का कहना है कि आरोपी उसके घर के पास ही रहते हैं और घटना के बाद उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इससे उसके परिवार में दहशत का माहौल है। इस संबंध में पुलिस थाना कोतवाली जयपुर शहर (नॉर्थ) में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी राजेश गौतम ने बताया कि दोनों पक्ष पड़ोसी है और क्रिकेट मैच को दौरान इनमें झड़प हुई थी। जिसके कारण दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ। एक पक्ष ने मुकदमा दर्ज करवाया है मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।