चूरू जिले के तारानगर-साहवा सड़क मार्ग पर सोमवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सड़क किनारे लगे बिजली के चार पोल से टकराई, जिससे वे टूट गए और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की यह कार तेज गति में थी और अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे एक दुकान के सामने पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुकान के सामने पलटी बेकाबू कार टक्कर के कारण कंक्रीट के 4 बिजली के पोल टूट गए और हाईटेंशन बिजली के तार जमीन पर आ गिरे। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और इलाका अंधेरे में डूब गया। सड़क पर कार के मलबे और टूटे तारों का ढेर लग गया। धमाके की आवाज सुनकर दौड़े लोग हादसे के समय हुए जोरदार धमाके को सुनकर आसपास के दुकानदार, राहगीर और ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस के अनुसार यह कार पंजाब नंबर की है और इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।