चूरू में शहर के वार्ड 38 स्थित अगुणा मोहल्ला में नीम का पेड़ छांगने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद भी मामला शांत नहीं होने पर 3 लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली थाना के एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि अगुणा मोहल्ला में रास्ते के विवाद को लेकर 2 पक्ष आपस में झगड़ रहे हैं। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि गोपाल माली के मकान के आगे गेट के पास खड़े नीम के पेड़ को छांगने को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे एक-दूसरे से मारपीट पर उतारू हो गए। इसके बाद पुलिस ने गोपाल माली, प्रमोद कुमार माली और संतोष माली को काबू किया। उन्हें शांति भंग की आशंका में बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।