चूरू शहर के पंखा सर्किल स्थित एक हॉस्टल में बैंकिंग परीक्षा की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय युवक ने बेडशीट का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। हॉस्टल में रहने वाले लोगों ने उसे तुरंत डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने हॉस्टल में रहने वाले एक सीनियर छात्र पर युवक को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। 18 दिन पहले ही रहने आया था कोतवाली थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि सरदारशहर के अर्जुन क्लब निवासी बजरंगलाल सैनी ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार उनका भतीजा भवानी शंकर सैनी (19) बैंकिंग की तैयारी के लिए 28 जून से चूरू के समाज के हॉस्टल में रह रहा था। उसके साथ उसका छोटा भाई भी रहता था। पिता को फोन पर बताई थी परेशानी बजरंगलाल सैनी ने आरोप लगाया है कि हॉस्टल में रहने वाला रिड़खला निवासी सीनियर छात्र अनिल सैनी भवानी शंकर को मानसिक रूप से परेशान करता था। मृतक भवानी शंकर ने गुरुवार को दिन में अपने पिता से फोन पर बात करते हुए भी इस परेशानी का जिक्र किया था। पिता ने हॉस्टल संचालक को भी इस बारे में सूचित किया था। इसके बावजूद गुरुवार शाम को भवानी शंकर ने हॉस्टल के अपने कमरे में बेडशीट से फंदा बनाकर जान दे दी। पुलिस ने आरोपी अनिल सैनी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।