चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र के गांव भींचरी में खेत में बने पानी की कुंड में डूबने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान भींचरी निवासी रामनिवास मेघवाल के रूप में हुई है। यह हादसा उस समय हुई जब रामनिवास अपने पालतू पशुओं को पानी पिलाने के लिए कुंड से पानी निकाल रहा था। पुलिस के अनुसार रामनिवास मेघवाल सुबह अपने भाई के साथ खेत में कृषि कार्य करने गया था। दोपहर बाद उसका भाई घर लौट आया, जबकि रामनिवास खेत में ही रुका हुआ था। पानी निकालते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुंड में जा गिरा। पड़ोसी ने मृतक के भाई, ग्रामीणों को दी सूचना एक पड़ोसी ने घटना को देखा और तुरंत मृतक के भाई और ग्रामीणों को सूचित किया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए और रतनगढ़ पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को कुंड से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को जालान अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद, शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।