चूरू जिले के दूधवाखारा क्षेत्र के ब्रह्मनगर गांव में एक चार वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घर के सामने खड़ी सिलेंडर डिलीवरी पिकअप का डाला गेट उसके माथे पर गिर गया, जिससे उसे गहरी चोट आई। यह घटना बुधवार को तब हुई जब ब्रह्मनगर निवासी सूर्यप्रकाश की बेटी भाविका घर में खेल रही थी। उसी समय घर में सिलेंडर पहुंचाने के लिए एक पिकअप खड़ी थी। खेलते-खेलते भाविका ने अचानक पिकअप के डाले का गेट अपने माथे पर गिरा लिया। हादसे के बाद परिवार के सदस्यों ने तुरंत बालिका को दूधवाखारा सीएचसी पहुंचाया। हालांकि, चोट की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने बालिका का इलाज किया। उसके माथे पर करीब 14 टांके लगाए गए। फिलहाल, बालिका की हालत में सुधार बताया जा रहा है।