चूरू शहर के नया बास क्षेत्र में शनिवार को एक मकान के बाथरूम से कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सांप बाथरूम के नाले के पाइप में छिपा हुआ था। इसे देखकर घर के लोग घबरा गए और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। एडवोकेट महेश प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर गोगामेड़ी के एक भक्त को मौके पर बुलाया गया। यह व्यक्ति सांप पकड़ने में निपुण है। मौके पर पहुंचकर भक्त ने स्थिति का जायजा लिया और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सांप नाले के पाइप के अंदर फंसा हुआ था, जिसे बाहर निकालना आसान नहीं था। रेस्क्यू करने वाले व्यक्ति ने सूझबूझ दिखाते हुए पाइप में धीरे-धीरे पानी डाला, जिससे सांप बाहर निकलने को मजबूर हुआ। कुछ ही देर में कोबरा पाइप से बाहर निकल आया, जिसे सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया। रेस्क्यू के दौरान मौके पर लोग एकत्र हो गए और पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। सांप को पकड़ने के बाद उसे किसी प्रकार की हानि पहुंचाए बिना सुरक्षित रूप से बीड़ में छोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।