चूरू के गांव ढाणी मुनीमजी में श्री देवनारायण भगवान मंदिर में बुधवार रात जागरण हुआ। गुरुवार दोपहर मंदिर में लिखमाराम लोहमरोड़ स्मृति ट्रस्ट ने 23 बालिकाओं को सम्मानित किया। यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों को दिया गया। समारोह में ट्रस्ट के रतनलाल, रामचंद्र, रंजना देवी और सरोज देवी ने सर्वसमाज की 23 बेटियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट किए। कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि आज बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में बेटों से आगे बढ़ रही हैं। एक शिक्षित बेटी दो घरों का नाम रोशन करती है। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा के दम पर ही हम हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं और बिना शिक्षा के जीवन अधूरा है। अतिथियों ने यह भी कहा कि ट्रस्ट द्वारा बेटियों का यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि समाज की हर बेटी का सम्मान है। यह पहल शिक्षा के महत्व को दर्शाती है। इस मौके पर भगवानाराम डोई, गिरधारीलाल नून, माणकचंद डोई, संजय डोई, पंकज जिनड़, मोनिका छावड़ी, दिनेश डोई, अनवर अली लुहार, साजिद अली लुहार, इरफान लुहार, तालीम लुहार समेत कई लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन रामचंद्र गुर्जर ने किया। रतनलाल लोहमरोड़ ने मंदिर के पुजारी देवीसिंह मणकस को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।