चूरू जिले की दूधवाखारा पुलिस ने एक महीने पहले हुए शराब ठेके में चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने 2 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन बरामद किया है। पुलिस ने इस वारदात को सुलझाने के लिए घटनास्थल के आसपास के मार्गों का गहनता से रूट मैप तैयार किया। इसके बाद करीब 300 से 350 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी विश्लेषण और पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने हनुमानगढ़ जंक्शन निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद सलाम उर्फ फालतू और हनुमानगढ़ टाउन निवासी 24 वर्षीय फिरोज खान उर्फ बाज को गिरफ्तार किया। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि बास महलान निवासी राजपाल सिंह ने 1 जून 2026 को दूधवाखारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों आरोपियों को कोर्ट में किया पेश रिपोर्ट में बताया गया था कि 31 मई और 1 जून की रात को दूधवाखारा स्टेशन से ब्रह्मनगर जाने वाले रास्ते पर स्थित उनके शराब ठेके के मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोर नकदी और जरूरी कागजात चुरा ले गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। एसपी ने बताया कि इस पूरी वारदात को सुलझाने में सीसीटीवी कैमरों की विशेष भूमिका रही। उन्होंने आम जनता और ग्रामीणों से सुरक्षा के लिए गांवों में जनसहयोग से अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की, ताकि भविष्य में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।