चूरू जिले के साहवा क्षेत्र में खेत में काम कर रहे 70 वर्षीय किसान चानणमल को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना मंगलवार रात की है। बुजुर्ग ने सांप को मारने के बाद परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों ने बताया कि चानणमल खेत में अकेले रहते हैं और पशुधन भी रखते हैं। मंगलवार रात जब वह खेत में काम कर रहे थे, तभी एक जहरीले सांप ने उनके पैर पर डस लिया। उन्हें पैर में तेज दर्द महसूस हुआ। किसान ने तुरंत सांप को पकड़कर मार डाला। परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल घटना के बाद चानणमल ने अपने परिजनों को फोन कर सांप के काटने की जानकारी दी और अस्पताल ले जाने को कहा। परिजन तत्काल खेत पहुंचे और उन्हें निजी वाहन से साहवा के सरकारी अस्पताल ले गए। साहवा में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घायल किसान का इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।