चूरू में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को तेज बारिश के आसार है। सोमवार सुबह से ही मौसम में बदलाव देखा गया। आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम ठंडा हो गया। बेमौसम हुई इस बारिश से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। सुबह के समय हुई बारिश से स्कूली बच्चों को भी हल्की परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ का सर्वाधिक प्रभाव जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में रहेगा। इन क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र और आसपास के कुछ भागों में 20 से 50 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है। आठ अप्रैल को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। नौ अप्रैल से आगामी तीन-चार दिनों तक अधिकांश भागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। शर्मा ने किसानों को सलाह दी है कि वे बेमौसम बारिश के मद्देनजर खुले आसमान के नीचे रखी पककर तैयार फसलों, कृषि मंडियों और धान मंडियों में खुले में रखे अनाज व जिंसों को ढककर सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें, ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।