राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने रविवार को कनिष्ठ सहायक एवं लिपिक सीधी भर्ती-2026 परीक्षा का आयोजन किया। चूरू जिले के 23 केंद्रों पर दोनों पारियों में कुल 77 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा 2 पारियों में आयोजित की गई। पहली पारी सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चली। पहली पारी में कुल 6504 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 5076 उपस्थित रहे, जबकि 1428 अनुपस्थित थे। दूसरी पारी में 6504 में से 5058 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 1446 अनुपस्थित रहे। कड़ी जांच के बाद मिली एंट्री परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्र में प्रवेश दिया गया और परीक्षा से एक घंटा पहले गेट बंद कर दिए गए। प्रवेश के लिए ई-प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र, नवीनतम रंगीन फोटो और पारदर्शी नीले पेन की जांच अनिवार्य थी। प्रवेश द्वार पर हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की गई और प्रत्येक अभ्यर्थी का बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया गया। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, केंद्राधीक्षकों को केवल की-पैड मोबाइल फोन ले जाने की सीमित अनुमति थी। हालांकि, परीक्षा ड्यूटी पर तैनात अन्य कर्मचारियों, विजिटिंग अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं दी गई थी।