चूरू के रामपुरा गांव में बुधवार देर रात एक 30 वर्षीय युवक पर घर में घुसकर पड़ोसी ने लाठी से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। घायल युवक को गुरुवार सुबह डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। अस्पताल स्टाफ ने घटना की सूचना पुलिस चौकी को दी है। रामपुरा निवासी मींटू सिंह ने अस्पताल में बताया कि बुधवार रात वह अपने घर में सो रहा था। देर रात पड़ोसी युवक उसके घर आया और उसे बाहर चलने के लिए कहने लगा। मींटू सिंह के मना करने पर वह वापस चला गया। इसके कुछ देर बाद पड़ोसी युवक फिर से घर में घुसा और सोते हुए मींटू सिंह पर लाठी से हमला कर दिया। मींटू सिंह के चिल्लाने पर हमलावर मौके से फरार हो गया। फिलहाल घायल मींटू सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।