चूरू में राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ के फार्मासिस्ट मंगलवार को जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा से मिले। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को सात सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह ने की। ज्ञापन में पिछले 14 साल से लंबित वेतन भत्तों को पूरा करने की मांग की गई है। इनमें वर्दी भत्ता, धुलाई भत्ता, हार्ड ड्यूटी भत्ता, मेस भत्ता और पेशेंट केयर भत्ता शामिल हैं। वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि फार्मासिस्ट 14 साल से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से जनसेवा कर रहे हैं। कोविड-19 और स्वाइन फ्लू जैसी महामारियों में भी उन्होंने दवाएं, ऑक्सीजन और वैक्सीन उपलब्ध कराकर स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखीं। इसके बावजूद उन्हें उचित भत्ते नहीं मिले हैं। संघ ने राज्य सरकार से इन मांगों पर विचार कर न्याय करने और अन्य संवर्गों की तरह भत्ते देने की मांग की। इस दौरान प्रवीण कस्वां, उमाशंकर, कृष्ण मोगा और अमजद खान भी मौजूद थे।