चूरू जिले की रतननगर पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों से जाली पासपोर्ट बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सीकर के रोलसाहबसर निवासी ओमप्रकाश (65) के रूप में हुई है। रतननगर थानाधिकारी सुभाषचंद्र ने बताया कि ओमप्रकाश ने राणासर निवासी हिस्ट्रीशीटर खालिद उर्फ गांधी के लिए फर्जी जन्म प्रमाण पत्र और किरायानामा बनाया था। इन्हीं फर्जी कागजों का इस्तेमाल कर खालिद का जाली पासपोर्ट तैयार किया गया था। सदर थाने में दर्ज इस मामले की जांच रतननगर पुलिस कर रही थी। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर खालिद उर्फ गांधी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। खालिद इस जाली पासपोर्ट की मदद से विदेश यात्रा भी कर चुका है। अब पुलिस गिरफ्तार ओमप्रकाश से पूछताछ कर रही है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।