चूरू पुलिस ने शहर में बढ़ते नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए 'ऑपरेशन नकेल' शुरू किया है। इस अभियान के तहत पुलिस ने नशे के अवैध धंधे में लिप्त लोगों पर कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली है। इसके लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि आमजन अवैध ड्रग्स और नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना हेल्पलाइन नंबर 9950077191 पर दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि शहर में चिट्टा और एमडी ड्रग्स का नशा तेजी से फैल रहा है। स्कूल और कॉलेज के युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं, जिससे उनका भविष्य खराब हो रहा है। नशे की लत पूरी करने के लिए वे अवैध गतिविधियों में भी शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि नशे के कारोबारियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से 'ऑपरेशन नकेल' शुरू किया गया है। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर ड्रग पैडलर्स और नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।