चूरू पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस शहीद दिवस मनाया गया। कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। एसपी निश्चय प्रसाद एम सहित अधिकारियों व जवानों ने शहीदों को फूल चढ़ाकर नमन किया। पुलिस जवानों ने फायर कर सम्मान दिया। चूरू जिले के शहीद भीमसिंह शेखावत व घीसालाल के परिजन भी मौजूद थे। शहीदों की याद में पौधरोपण भी हुआ। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि इस साल देशभर में 154 पुलिस व सुरक्षा बल के जवान शहीद हुए। 21 अक्टूबर का दिन बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को याद करने का अवसर है। चूरू के एएसआई घीसालाल 16 जुलाई 1998 को अवैध शराब कार्रवाई में बदमाशों से मुठभेड़ में घायल हुए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हेड कांस्टेबल भीमसिंह शेखावत 14 मई 1991 को लोकसभा चुनाव ड्यूटी के दौरान शहीद हुए। बीकानेर से लौटते समय मतपेटियों से भरी गाड़ी पलटने पर साथियों को बचाते हुए सिर पर चोट लगी और खून बहने से जान चली गई। कार्यक्रम में एएसपी सुनील कुमार, दिनेश कुमार, कृष्णा सामरिया, डीएसपी गजेंद्र सिंह, सुखराम चोटिया सहित कई पुलिस अधिकारी रहे। सीआई इंद्रलाल महर्षि ने परेड की कमान संभाली।