चूरू के बालरासर तंवरान गांव में शिक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल पर ताला जड़ दिया। शिक्षकों की कमी से नाराज ग्रामीण स्कूल के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब ढाई साल पहले स्कूल को 12वीं तक क्रमोन्नत किया गया था, लेकिन पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई। वर्तमान में 100 से अधिक विद्यार्थियों पर केवल चार शिक्षक कार्यरत हैं, जिससे पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय सांसद और विधायक को कई बार ज्ञापन सौंपे गए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है। ग्रामीणों की मांग है कि जब तक स्कूल में विषयवार पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अभिभावकों ने बच्चों के भविष्य और बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव पर चिंता जताई। धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों और अभिभावकों ने सरकार से जल्द समाधान की मांग की है।