चूरू के सदर थाना क्षेत्र के गांव राणासर में एक व्यक्ति ने घर में लगे खेजड़ी के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता बुधवार सुबह परिजनों को चला। परिजनों को इसकी जानकारी सुबह रास्ते से गुजर रहे लोगों ने दी। ये ग्रामीण सुबह खेत की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने पेड़ पर लटके शव को देखा और परिवार के लोगों को बताया। जानकारी मिलने पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की मदद से शव को फंदे से उतारा और डीबी अस्पताल पहुंचाया। शव को फिलहाल मोर्चरी में रखवा दिया गया है। सदर पुलिस के अनुसार, राणासर निवासी रघुवीर सिंह (45) ने रात के समय घर में लगे खेजड़ी के पेड़ पर रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या की। घटना के वक्त परिवार के लोग घर में ही सो रहे थे, इसलिए किसी को भी तुरंत पता नहीं चला। पुलिस ने बताया कि परिवाद दर्ज होने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा और फिर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।