चूरू शहर के आगुणा मोहल्ला स्थित प्राचीन श्रीश्याम मंदिर में रविवार रात एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के पुजारी सत्यनारायण ने श्रीश्याम बाबा की ज्योत प्रज्वलित कर किया। देर रात तक चले इस भजन कार्यक्रम में श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारों के साथ भक्ति रस में डूबे रहे। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायिका लक्ष्मी मोदी ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने 'हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा', 'खाटू वाले श्याम', 'तेरी जय हो श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम' और 'मेरे श्याम आ जाओ' जैसे भजनों से समां बांध दिया। उनके मधुर स्वरों ने पूरे मंदिर परिसर को आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया। सरदारशहर के सुप्रसिद्ध भजन गायक अजीत बिहाणी ने भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। उन्होंने 'बाबा आज थान आणो है' और 'मां जगदम्बे भवानी, जग में थारो राज है' सहित कई आकर्षक भजन प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु जयकारों और तालियों के साथ भक्ति में लीन नजर आए। इस भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर श्रीश्याम बाबा एवं मां जगदम्बा के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की।