चूरू शहर में अफीम, चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते कारोबार पर रोक लगाने की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर सर्व समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम को ज्ञापन सौंपा। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि नशे का यह बढ़ता प्रचलन युवा पीढ़ी को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। ज्ञापन में हसन चिश्ती ने बताया कि वर्तमान में चूरू शहर में अफीम, चिट्टा, गांजा, डोडा पोस्त और अन्य मादक पदार्थों की सप्लाई खुलेआम हो रही है। विशेष रूप से मेडिकल कॉलेज, शेखावत कॉलोनी और शहर के अन्य मुख्य स्थानों पर बिना किसी भय के इनकी बिक्री की जा रही है। यह स्थिति समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। सर्व समाज ने मांग की है कि शहर में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई पर तुरंत प्रभाव से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने संदिग्ध स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने, नशा बेचने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने की अपील की। ज्ञापन में मेडिकल कॉलेज और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी टीम तैनात करने का भी सुझाव दिया गया। समाज ने पुलिस अधीक्षक से इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया, ताकि चूरू शहर को नशा मुक्त बनाया जा सके। इस अवसर पर धनराज न्यौल, राजूराम, सुनील सैन, क्रिष, अंजनी शर्मा, करणनाथ, गुलजार, समीर, गौरव शर्मा, फरमान, आदिल गौरी, महमूद अली और इशाक खान सहित कई लोग मौजूद थे।