चूरू में जिला खेल स्टेडियम के बाहर 2 टेबल टेनिस खिलाड़ियों पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। इस घटना में दोनों खिलाड़ी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए राजकीय डीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वार्ड 31, ओम कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय आदित्य ने पुलिस को दी अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह अपने साथी राहुल शर्मा के साथ जिला खेल स्टेडियम में टेबल टेनिस की तैयारी करने पहुंचा था। उस समय स्टेडियम का गेट बंद था और कोच बाहर बैनर लगा रहे थे। आदित्य और राहुल ने स्टेडियम के सामने बैठे 2-3 युवकों से गेट बंद होने के बारे में पूछा, जिस पर वे गाली-गलौज करने लगे। जब खिलाड़ियों ने इसका विरोध किया, तो युवकों ने मारपीट शुरू कर दी और फोन करके अन्य युवकों को भी बुला लिया। इसके बाद, हमलावरों ने लाठी-डंडों से दोनों खिलाड़ियों पर हमला कर दिया। कोतवाली पुलिस ने आदित्य के पर्चा बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।