चूरू में ट्रक और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में 3 युवकों की मौत हो गई। हादसा छापर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम सुजानगढ़ से छापर जाने वाली रोड पर हुआ। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। छापर थानाधिकारी इंद्रलाल महर्षि ने बताया कि बाइक सवार युवक छापर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीन युवकों की जान चली गई। मृतकों में छापर निवासी भागीरथ (27) और सांवरमल (23) शामिल है, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बीरबल मेघवाल (24) ने सुजानगढ़ के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में ईश्वर नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका सुजानगढ़ अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद जयपुर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बीदासर डीएसपी नेमीचंद और छापर थानाधिकारी इंद्रलाल महर्षि पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत सुजानगढ़ के गवर्नमेंट बगड़िया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को सुजानगढ़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि ट्रक में एफसीआई का गेहूं भरा हुआ था। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।