चूरू में गुरुवार शाम मौसम का मिजाज बदल गया। शाम करीब साढ़े चार बजे तेज हवाओं के साथ आंधी चली। इसके बाद हल्की बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव से ठंडक बढ़ गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके असर से प्रदेश के बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में तेज गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। 18 सितंबर को भी जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, जयपुर और कोटा-भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है। शर्मा ने यह भी बताया कि दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में 20 सितंबर को भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 21 सितंबर से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रहने की उम्मीद है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में 19 सितंबर के आसपास बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है, जिससे मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं।