चूरू शहर के नेचर पार्क में गश्त के दौरान एंटी रोमियो स्क्वॉड टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक को एक नाबालिग लड़की के साथ संदिग्ध अवस्था में मिला था। पुलिस टीम ने जब दोनों से पूछताछ शुरू की, तो युवक आवेश में आ गया। उसने पुलिसकर्मियों के साथ बहस करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने उसे शांत रहने और सहयोग करने की समझाइश दी, लेकिन वह नहीं माना और मरने-मारने पर उतारू हो गया। स्थिति बिगड़ती देख और संज्ञेय अपराध की आशंका के चलते एंटी रोमियो स्क्वॉड टीम ने युवक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान फतेहपुर के वार्ड 25 निवासी समीर (23) के रूप में हुई है। समीर वर्तमान में चूरू के धोबी चौक स्थित अपनी ननिहाल में रह रहा है। पुलिस टीम ने नाबालिग लड़की की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उसे उसके भाई को सौंप दिया है। आरोपी युवक समीर के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया है।