लोकसभा में नारी शक्ति संशोधन विधेयक का विरोध करने के मामले में आज शहर बीजेपी युवा मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करके राहुल गांधी का पुतला फूंका। दुर्गापुरा बस स्टैंड पर हुए इस प्रदर्शन में शहर बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस मौके पर शहर बीजेपी जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि यह प्रदर्शन महिलाओं की आवाज है, महिला अधिकारों की लड़ाई है, जिसे भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री रेंद्र मोदी के नेतृत्व में सफलता मिलने तक लड़ेगा। वहीं जयपुर जिला उपाध्यक्ष और युवा मोर्चा अध्यक्ष सुरेंद्र पुरूवंशी ने कहा कि कांग्रेस के इस कदम से महिलाओं के साथ-साथ भारत के युवाओं में भी रोष व्याप्त है। हमारी बहनों को आरक्षण मिलना चाहिए। इसे किसी भी सूरत में छीना नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एवं विपक्षी दलों ने षड्यंत्रकारी तरीके से इस महत्वपूर्ण अधिनियम को रोककर देश की करोड़ों महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। जिला महामंत्री रेखा राठौड़ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि उनके हक और सम्मान की निर्णायक लड़ाई की शुरुआत है, जो तब तक जारी रहेगी जब तक उन्हें उनका अधिकार नहीं मिल जाता। इस अवसर पर जयपुर जिले के समस्त पदाधिकारी, बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवाओं की उपस्थिति रही।