झुंझुनूं शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सही करने के लिए सोमवार को ट्रैफिक पुलिस और नगर परिषद की ओर से अभियान शुरू किया गया। इसके बाद शहर के मुख्य चौराहों से अवैध अति​क्रमण को हटाया गया। इस कार्रवाई में प्रशासन की टीम ने उन सभी जगहों से अवैध होर्डिंग्स और अस्थाई दुकानों को हटाया, जिनकी वजह से ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ रही थी। कार्रवाई के दौरान हवाई पट्टी मार्ग, पीरू सिंह सर्किल, कलेक्टरट सर्किल, मण्डावा मोड़ ओर गांधी चौक से होर्डिंग्स हटाए गए। अवैध बैनर-पोस्टर की वजह से हो रहे थे हादसे शहर के मुख्य सर्किलों पर लगे बड़े-बड़े बैनर, पोस्टर और होल्डर लंबे समय से ड्राइवरों के लिए मुसीबत बने हुए थे। प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इन होर्डिंग्स के कारण मोड़ पर चालकों को सामने से आने वाले वाहन नजर नहीं आते थे। इससे 'विजिबिलिटी' कम हो जाती थी और हर वक्त गंभीर हादसे की संभावना बनी रहती थी। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए इन सभी अवैध प्रचार के सामान को जब्त कर रास्ते को सही करवाया। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के वरिष्ठ अधिकारी, अतिक्रमण निरोधक दस्ते के सदस्य और यातायात पुलिस के जवान भारी जाब्ते के साथ मौजूद रहे। ट्रैफिक इंचार्ज राधेश्याम सांखला ने बताया कि शहर की सुंदरता और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़कों पर विजिबिलिटी बाधित करने वाले विज्ञापनों और अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।