नागरिक सुरक्षा के नए सदस्यों के नामांकन व प्रशिक्षण प्रक्रिया (सिविल डिफेंस भर्ती-2025-26) में जिला प्रशासन ने दस्तावेज सत्यापन के बाद अस्थायी चयन सूची जारी कर दी है। उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा (एडीएम) विनोद कुमार मीणा ने बताया कि आवेदन पत्रों की जांच के बाद तीन अलग-अलग श्रेणियों की अस्थायी सूची जारी की गई है। जारी सूची में आवेदित श्रेणी के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों, अतिरिक्त योग्यता वाले अभ्यर्थियों व गोताखोर व तैराक श्रेणी के अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। गोताखोर व तैराक श्रेणी के अभ्यर्थियों की दक्षता परीक्षा के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी। अस्थायी सूची में शामिल अभ्यर्थी 24 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक कार्यालय में अपनी आपत्ति या परिवेदना प्रस्तुत कर सकते हैं। सूची का अवलोकन नागरिक सुरक्षा कार्यालय तथा नगर परिषद के नोटिस बोर्ड पर किया जा सकता है। दस्तावेज सत्यापन, पुलिस वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच जैसी सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद नियुक्तियां नही होने पर चयनित अभ्यर्थी दो बार आंदोलन कर चुके हैं। 30 जून को कलेक्ट्रेट पर हुए धरना-प्रदर्शन के दौरान एडीएम विनोद मीणा ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया था कि जिला स्तरीय समिति की बैठक कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाएगी। जाने पूरा मामला : टोंक जिले में सिविल डिफेंस भर्ती के लिए 17 जून 2025 से आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई थी, जिसमें 1,938 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए। जनवरी 2026 में शारीरिक दक्षता परीक्षा के बाद 17 मार्च 2026 को 1,025 अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी हुई। दस्तावेज सत्यापन, पुलिस वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच पूरी होने के बावजूद नियुक्तियां लंबित रहीं। इसके विरोध में चयनित अभ्यर्थियों ने 22 जून और 30 जून को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर जल्द नियुक्ति की मांग उठाई। तब एडीएम ने एक सप्ताह में कार्रवाई का आश्वासन दिया था। अब दस्तावेज जांच के बाद अस्थायी सूची जारी होने से भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ी है।