मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार देर रात कोटा से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के रास्ते दौसा होकर जयपुर लौटे। जयपुर जाते समय लालसोट क्षेत्र के अमराबाद रेस्ट एरिया पर उनका काफिला कुछ देर के लिए रुका। इस दौरान विधायक रामबिलास मीणा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने विधायक से कुछ देर बातचीत भी की। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला भांडारेज व बांदीकुई क्षेत्र से होकर जयपुर के लिए रवाना हो गया। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे एक्सप्रेस-वे पर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा तथा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। कलेक्टर डॉ. सौम्या झा और एसपी पीयूष दीक्षित समेत आला प्रशासनिक अधिकारी प्रोटोकॉल ड्यूटी में तैनात रहे। गौरतलब है कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के दौरे के चलते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कोटा पहुंचे थे। वहां उन्होंने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया और लबान में आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लिया।