जिला कलेक्टर देशलदान ने सोमवार को जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं और बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को स्वयं फील्ड में जाकर प्रभावी मॉनिटरिंग करने और अधीनस्थ अधिकारियों को भी लगातार फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने विभाग के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों और बजट घोषणाओं के तहत जारी कार्यों को बारिश से पहले निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचईडी विभाग की समीक्षा करते हुए खराब हैंडपंपों की मरम्मत करने और समर कंटीजेंसी योजना के तहत कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी विभाग को बारिश से पहले सड़क मरम्मत के कार्य पूरे करने को कहा गया। शिक्षा विभाग को मिड-डे मील का वितरण समय पर सुनिश्चित करने और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मौसमी बीमारियों के लिए पहले से तैयारी रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने रसद विभाग को एलपीजी गैस वितरण में आ रही समस्याओं और शिकायतों का समाधान करने और संबंधित डीलरों से बातचीत करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों, ई-फाइल और ई-डाक की पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए उनके नियमित निस्तारण के आदेश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम), मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।