भास्कर न्यूज | बाड़मेर बाड़मेर कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने शनिवार को बाड़मेर जिला मुख्यालय पर यूआईटी की प्रस्तावित योजनाओं के लिए आरक्षित भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। शनिवार शाम कलेक्टर ने यूआईटी सचिव विवेक व्यास व अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ जिला मुख्यालय के आसपास अलग-अलग स्थानों पर यूआईटी की भूमि देखी। उन्होंने लालानियों की ढाणी में गडरारोड सड़क के पास स्थित यूआईटी की भूमि का अवलोकन किया। प्रस्तावित कार्य योजना की जानकारी ली। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार, उपखंड अधिकारी यशार्थ शेखर, अधिशाषी अभियंता भवानी सिंह, सहायक अभियंता संजय बोड़ा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स की प्रगति और कार्य योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि यूआईटी की भूमि सार्वजनिक विकास के लिए आरक्षित है। किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निकास न्यास के अधिकारियों को व्यावसायिक योजना बनाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कन्वेंशन सेंटर के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया। प्री बिड प्रक्रिया और टेंडर को लेकर भी निर्देश जारी किए।