जिला कलेक्टर काना राम ने बुधवार को बिजली निगम कार्यालय और कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की और लोगों को प्रॉपर बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एफआरटी और 181 पर दर्ज शिकायतों की स्थिति देखी निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एफआरटी (फॉल्ट रिपेयर टीम) एवं 181 संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जांच की और कार्यालय में उपस्थिति रजिस्टर को देखा। जिसमें कुल 35 कर्मचारियों में से 5 अनुपस्थित व 6 कर्मचारी अवकाश पर मिले। कलेक्टर ने अनुपस्थित कर्मचारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दैनिक जनसुनवाई को प्रभावी बनाने और प्रतिदिन कम से कम 10 शिकायतों का क्रॉस-वेरिफिकेशन कर रजिस्टर मेंटेन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर बोले, गर्मी में प्रॉपर बिजली सप्लाई मिले कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए ट्रांसफार्मरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्थान पर ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में 72 घंटे के भीतर बदलना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी उपखंडों में एफआरटी टीमों के लिए आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यालय में ई-फाइलिंग एवं ई-डाक प्रणाली लागू करने, पुरानी फाइलों का डिजिटलाइजेशन कर सुव्यवस्थित संधारण करने तथा साफ-सफाई एवं अभिलेख प्रबंधन में सुधार लाने के निर्देश SE अशोक कुमार बुजेठिया को दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान बिजली सप्लाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए तथा सभी अधिकारी सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करें।