कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों, रोजगार मेले की तैयारियों, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, मुख्यमंत्री जनसुनवाई और मानसून तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि राज्य सरकार के ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से हर पात्र नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और शिविरों में प्राप्त सभी प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो। ये रहे मौजूद बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, उपखंड अधिकारी कोटपूतली योगेश सिंह देवल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष सिंह शेखावत, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता रामनिवास यादव और जिला शिक्षा अधिकारी प्रकाशचंद मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। जिले के सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस बैठक से जुड़े।