अलवर जिला हॉस्पिटल के मेल मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीजों के परिजनों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब हॉस्पिटल का निरीक्षण करने पहुंची जिला कलेक्टर से वार्डों में घूमते आवारा कुत्तों, शराबियों की आवाजाही और बाथरूम में फैली गंदगी की शिकायत की। शिकायत सुनते ही नाराज कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने पीएमओ प्रवीण शर्मा को जमकर फटकार लगाई और नगर निगम कमिश्नर सोहन सिंह नरूका को मौके पर बुलाकर शाम तक सभी कुत्तों को पकड़ने के निर्देश दिए। दरअसल, सोमवार को सुबह जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला जिला हॉस्पिटल सहित शिशु एवं जनाना हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों और परिजनों से बातचीत कर हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और पूछा कि एसी चल रहे हैं या नहीं। इस दौरान कुछ वार्डों में एसी खराब मिलने पर अधिकारियों को 24 घंटे में उन्हें ठीक कराने के निर्देश दिए। मरीजों के परिजन बोले- वार्डों में घुस जाते हैं कुत्ते और शराबी वहीं मरीजों के परिजनों ने शिकायत करते हुए बताया कि मेडम, यहां वार्डों में कुत्ते घुस आते हैं और शराबी भी हॉस्पिटल परिसर में घुसकर उत्पात मचाते हैं। कुत्तों से बीमारियों के फैलने और मरीजों व परिजनों को काटने का खतरा बना रहता है। बाथरूम में गंदगी पर PMO और वार्ड इंचार्ज को लगाई फटकार वहीं दूसरी तरफ महिला सर्जिकल वार्ड में मरीजों ने बताया कि बाथरूम गंदे रहते हैं और नियमित सफाई नहीं होती। इस पर कलेक्टर आर्तिका शुल्का ने पीएमओ प्रवीण शर्मा और वार्ड इंचार्ज को फटकार लगाई। कुत्तों की शिकायत पर निगम कमिश्नर सोहन सिंह नरूका को मौके पर बुलाया और तुरंत कुत्तों को पकड़वाने के निर्देश दिए। साथ ही हॉस्पिटल में 24 घंटे ऑटो-टिपर लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि परिजन कचरा उसमें डाल सकें। हॉस्पिटल में बन रहे 100 बेड के वार्ड का भी लिया जायजा निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हॉस्पिटल में बन रहे 100 बेड के वार्ड का भी जायजा लिया और अधिकारियों से कार्य की प्रगति जानी। इस पर RSRDC के अधिकारियों ने जून माह के अंत तक कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा कलेक्टर ने शिशु वार्ड में सीसीयू के कार्य का निरीक्षण किया और हॉस्पिटल के पीछे चल रहे निर्माण कार्य के दौरान फैली गंदगी पर स्टाफ को फटकार लगाई। हॉस्पिटल की पुलिस चौकी में बढ़ाया जाएगा स्टाफ कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने कहा कि आज हॉस्पिटल का निरीक्षण कर जायजा लिया है। हॉस्पिटल्स में फैली अव्यवस्थाओं और गंदगी को लेकर उचित दिशा निर्देश दिए गए हैं। हॉस्पिटल में पुलिस चौकी में स्टाफ कम होने की जानकारी भी मिली है, एसपी से बात करके वहां भी जाप्ता बढ़ाया जाएगा।