टोंक जिले के छोटे-बड़े बांधों से जुड़ी नहरों की साफ-सफाई और मरम्मत का काम समय पर पूरा कराने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर टीना डाबी ने बुधवार को नहरी तंत्र का जायजा लेकर नहरों की सफाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद व्यवस्था को सुचारू रखने और काम में तेजी लाने के लिए 37 जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कलेक्टर के निर्देशों की पालना में गुरुवार को प्रशासन और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बीसलपुर नहरी तंत्र सहित जिले की विभिन्न नहरों का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सफाई से पहले और बाद में फोटो लेने होंगे नहरों की सफाई के काम में पारदर्शिता रखने और उसकी गुणवत्ता की निगरानी के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। सभी अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में नहरों की साफ-सफाई से पहले और बाद के फोटो अनिवार्य रूप से लेंगे। इससे काम की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता का आकलन किया जा सकेगा। बुधवार को जारी आदेश में 37 अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी, ताकि नहरों की सफाई और मरम्मत का काम समय पर पूरा हो सके। कई जगह शुरू हुआ सफाई का काम कलेक्टर के निर्देशों के बाद जल संसाधन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नहरों का निरीक्षण किया। कुछ जगहों पर सफाई का काम शुरू भी कर दिया गया है। प्रशासन का जोर बीसलपुर बांध सहित अन्य छोटे-बड़े बांधों से जुड़ी नहरों की सफाई और व्यवस्था को बेहतर बनाने पर है, ताकि नहरी तंत्र सुचारू बना रहे।