भास्करन्यूज | बूंदी नगरपरिषद के कायन हाउस में गोवंश रखने और छोड़ने के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। गोपाल गोसेवा संस्थान के सचिव गोपाल माहेश्वरी ने आयुक्त को शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि कायन हाउस में कुछ लोगों ने अपने नाम और मोबाइल नंबर के पोस्टर लगाकर अनुदान के लिए रसीद काटने की व्यवस्था दर्शाई है। साथ ही संस्थान के सोशल मीडिया ग्रुप में भी उन्हें अधिकृत बताया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नगरपरिषद और गोपाल गोसेवा संस्थान ने किसी भी व्यक्ति को गोवंश रखने या छोड़ने के नाम पर राशि वसूलने या रसीद काटने के लिए अधिकृत नहीं किया। शिकायत में कुछ लोगों के नाम का उल्लेख करते हुए कहा है कि उनकी ओर से की जा रही कथित गतिविधियों से संस्थान की छवि प्रभावित हो रही है। सचिव ने स्पष्ट किया कि इन लोगों को संस्थान की ओर से कोई अधिकृत अनुमति नहीं दी गई है। शिकायत में नगरपरिषद से कथित अवैध वसूली की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा कायन हाउस के संचालन के लिए नगरपरिषद की ओर से प्रशासक नियुक्त करने की मांग की गई है। इस मामले में आयुक्त बृजेश रॉय ने कहा कि मामले की जांच करवाकर नियमानुसार एक्शन लेंगे।