दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर कथित अश्लील टिप्पणी के मामले में गिरफ्तार कांग्रेस नेता पीयूष सुराणा को जमानत मिल गई है। इस दौरान अजमेर कांग्रेस शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता शनिवार को एडीएम सिटी कार्यालय पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग करते हुए सुराणा को जेल भिजवाया। शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं का सम्मान करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराई जानी चाहिए। जयपाल ने यह भी कहा कि भाजपा महिला मोर्चा द्वारा थाने में किया गया व्यवहार निंदनीय है और इसकी जांच होनी चाहिए। वहीं, नेता प्रतिपक्ष द्रौपदी कोली ने कहा कि प्रदेश सहित अजमेर में सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। महिलाओं के पक्ष में कांग्रेस पार्टी हमेशा खड़ी रही है। हमारे कार्यकर्ता को बिना जांच किए शांति भंग की धारा में गिरफ्तार किया गया। कोली ने कहा कि भाजपा केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता इससे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने थाने में हुए घटनाक्रम की निंदा करते हुए भाजपा महिला मोर्चा के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं का यह भी कहना है कि जमानत पहले भी हो सकती थी, लेकिन जानबूझकर देरी की गई। यह खबरें भी पढ़ें….. कांग्रेस नेता ने दिल्ली CM पर की अश्लील टिप्पणी: अजमेर में BJP महिला नेता ने आरोपी पर पुलिस कस्टडी में स्याही फेंकी कांग्रेस-नेता पर स्याही फेंकने मामले में SHO-दो पुलिसकर्मी लाइन हाजिर:* दिल्ली की सीएम पर अश्लील टिप्पणी करने पर थाने में भाजपा नेताओं ने जताया था विरोध