भास्कर न्यूज | बाड़मेर जिला कांग्रेस कार्यालय में संगठन बढ़ाओ लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत शहर बाड़मेर कांग्रेस की मीटिंग कांग्रेस संगठन के जिला प्रभारी मोहनलाल डागर के मुख्य आतिथ्य व जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा की अध्यक्षता एवं पूर्व जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी के आतिथ्य में ​हुई। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी मोहनलाल डागर ने सबसे पहले संगठन में बाड़मेर जिलाध्यक्ष की रेटिंग पांच श्रेष्ठ जिलाध्यक्ष में आने की बधाई दी। संगठन बढ़ाओ लोकतंत्र बचाओ कार्यक्रम की रूपरेखा कार्यकर्ताओं के साथ शरीक करते हुए बताया कि अब जो लगातार सक्रिय रहेगा कार्यक्रम में हिस्सेदारी देगा वहीं संगठन के पदों पर आएगा और वहीं चुनाव लड़ेगा। नेतृत्व आपके कार्यों की पूरी देखरेख कर रहा है। इसलिए सभी कार्यकर्ता अनुशासन में रहते हुए सक्रियता के साथ अपने आपको भी आगे बढ़ाए। पार्टी की रीति नीति को आमजन तक पहुंचाए। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में लक्ष्मण गोदारा ने शहर की विभिन्न समस्याओं के लिए प्रदेश की सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा कि यदि समय पर चुनाव हो जाते तो राजनीतिक सरकार की जवाबदारी और जिम्मेदारी बनती और समस्याओं का समाधान होता। परंतु बीजेपी की पर्ची सरकार खर्ची के बिना कुछ नहीं करती जिससे आमजन दुखी हो रहा है। हमें मिलकर वार्ड और शहर के मुख्य मोहल्लों की समस्याओं को आमजन के साथ संवाद कर नगर परिषद के अधिकारियों के समक्ष रखनी पड़ेगी। प्रदेश के संगठन बढ़ाओ लोकतंत्र बचाओ का आगाज शहर के वार्डो से करेंगे। बाड़मेर जिले के कार्यकर्ताओं की हर समस्या व तकलीफ के साथ जिला कांग्रेस कमेटी हर पल मिलेगी। पूर्व जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी ने कहा कि अब नेतृत्व संगठन में काम करने वालों को ही पहचान देगा सिफारशी लोग अब नहीं चलेंगे। हमें अपने काम पर भरोसा रखना है लगातार सक्रिय रहते हुए बाड़मेर जिले की कांग्रेस पार्टी को मजबूत करना है। मीटिंग में पूर्व सभापति दीपक परमार, उपसभापति चैनसिंह भाटी, ब्लॉक अध्यक्ष करनाराम मेघवाल, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण विरट, ललिता शर्मा, सेवादल जिलाध्यक्ष सोनाराम मंसूरिया, पीसीसी सदस्य रिड़मल सिंह, ठाकराराम माली, पूर्व प्रधान शिव महेंद्र जाणी, वीपी सिंह, नरेश देव सारण, तरुण बलवानी, सोहनलाल मंसूरिया, महावीर बोहरा, दिनेश भंसाली, किशनलाल मेघवाल, जयमल सिंह, गोविंद भील, प्रकाश लोहार, जितेंद्र चौहान, जेपी शारदा, यूसुफ खान, जगदीश जीनगर, मूलाराम पूनड़, पदम माली, भगवानदास जाटोल, हरीश बोथरा, प्रवीण धारीवाल, गजेंद्र बोहरा, मुल्तान सिंह, सतीश गौड़ सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।